ग्रामीण के घर में घुसा तेंदुआ, घंटों की मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू
(रौनक साहू)
कसडोल। विकासखंड के सोनाखान चौकी अंतर्गत ग्राम महकम में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ ग्रामीण सुनील साहू के घर में घुस आया। घटना सुबह करीब 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि सुनील साहू अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे तभी अचानक तेंदुआ वहां पहुंच गया। तेंदुए को देखते ही परिवार के सदस्य दहशत में आ गए और किसी तरह अपनी जान बचाकर घर के भीतर चले गए।
सुबह होने पर ग्रामीणों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिलासपुर से रेस्क्यू विशेषज्ञ डॉ. चंदन कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम को बुलाया गया। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। घाटों की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2 बजे ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से तेंदुए को बेहोश कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इसके बाद तेंदुए को पिंजरे में रखकर उपचार के लिए भेजा गया। रेस्क्यू टीम के प्रमुख डॉ. चंदन कुमार वर्मा ने बताया कि तेंदुए की हालत गंभीर और कमजोर प्रतीत हो रही है। उसका उपचार किया जा रहा है तथा आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीओ अनिल वर्मा ने बताया कि तेंदुआ बीमार है। उसका समुचित उपचार कराया जाएगा और स्वस्थ होने के बाद उसे रायपुर स्थित जंगल सफारी में छोड़ा जाएगा।





