पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में हुआ शाला प्रवेश उत्सव

(रौनक साहू)

कसडोल। पीएमश्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में बतौर अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ सुदीप मानिकपुरी सम्मिलित हुए।


इस दौरान विद्यार्थियों के उत्साह एवं विद्यालय परिवार की ऊर्जा देखने को मिला। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी और उत्सुकता यह दर्शा रही थी कि शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। शाला प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। श्री मानिकपुरी ने अपने उद्बोधन में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नवीन शैक्षणिक सत्र की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह अमूल्य धन है जिसे कोई भी शक्ति हमसे छीन नहीं सकती। आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। यदि बच्चे मन लगाकर अध्ययन करें, अनुशासन का पालन करें, अपने गुरुजनों का सम्मान करें तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, तो वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा नियमित रूप से उनकी पढ़ाई और विद्यालयी गतिविधियों पर ध्यान दें। विद्यालय, शिक्षक और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। शिक्षा के माध्यम से ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू, विद्यालय के प्राचार्य मंडलेश्वर, पूर्व प्राचार्य वर्मा सर, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष गणेश शंकर साहू, सदस्य अभिजीत श्रीवास, पालकगण, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े