सिविल लाइन में महिला शिक्षिका ने लगाई फांसी, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक मकान में सोमवार को एक महिला शिक्षिका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


मृतका की पहचान कुमारी काजल ठाकुर (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बलौदाबाजार के चांपा स्थित स्कूल में व्यवसायिक शिक्षिका के रूप में पदस्थ थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने कमरे में पंखे से चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार काजल ठाकुर पिछले वर्ष ही संविदा शिक्षिका के रूप में स्कूल में नियुक्त हुई थीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से शिक्षा जगत और क्षेत्र में शोक का माहौल है।