पुरानी रंजिश में हिंसा: महिलाओं पर जानलेवा हमला, घर के बाहर खड़े वाहनों में जमकर की तोड़फोड़
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा । जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसा माना डेरा में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के कुछ लोग डंडों से लैस होकर एक घर में जबरन घुस गए और घर के भीतर मौजूद तीन महिलाओं के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में तीनों महिलाओं के सिर, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पुरानी आपसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पहले घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की और फिर घर के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल तथा कार में जमकर तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी सहम गए। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। परिवार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।





