व्यापारी संघ का बड़ा फैसला, डोंगाकोहरौद सड़क के समर्थन में पामगढ़ बंद का ऐलान

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ । डोंगाकोहरौद सड़क निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग के समर्थन में पामगढ़ व्यापारी संघ ने 3 जुलाई (शुक्रवार) को संपूर्ण पामगढ़ बंद का आह्वान किया है। व्यापारी संघ ने सभी व्यापारियों, नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है।


व्यापारी संघ का कहना है कि डोंगाकोहरौद सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब हालत से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और क्षेत्र के विकास की रफ्तार थम गई है। कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

संघ का कहना है कि सड़क बनने से बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इसी उद्देश्य से 3 जुलाई को पामगढ़ बंद का निर्णय लिया गया है। व्यापारी संघ ने नगर के सभी प्रतिष्ठानों से स्वेच्छा से अपने-अपने व्यवसाय बंद रखने और जनहित के इस आंदोलन में सहभागी बनने की अपील की है।