‘बिहान योजना’ में भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप! PRP पर बहन की नियुक्ति, फर्जी भुगतान और वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा । जिले की बिहान योजना में कार्यरत एक PRP (प्रोजेक्ट रिसोर्स पर्सन) भारती ध्रुव के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं, वित्तीय गड़बड़ी, नियमों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी गई है। शिकायतकर्ता रचना कुर्रे, अध्यक्ष, पूजा महिला स्व-सहायता समूह, ग्राम गौंधना (जनपद पंचायत नवागढ़) ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित PRP ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियां कीं, चयन प्रक्रिया में मनमानी की और शासकीय राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है।


शिकायत के प्रमुख आरोप:-

1. बहन की नियुक्ति और फर्जी भुगतान का आरोप

शिकायत के अनुसार PRP भारती ध्रुव ने अपनी ही बहन को सेमरा क्लस्टर संगठन में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त कराया। आरोप है कि संबंधित महिला दूसरे क्षेत्र एवं दूसरे जिले की निवासी हैं, जबकि यह नियुक्ति बिहान योजना के नियमों के विपरीत बताई गई है। इसके अलावा बिना किसी वैध सूचना, विज्ञापन या स्वीकृति के 10 माह तक प्रति माह 3 हजार रुपये के हिसाब से कुल 30 हजार रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इसे शासकीय धन का दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता बताया है।

2. चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी

शिकायत में कहा गया है कि चयन प्रक्रिया के दौरान अन्य पात्र आवेदकों की उपेक्षा करते हुए एक ही परिवार से दो कैडरों का चयन किया गया। आरोप यह भी है कि पहले स्वयं घोषणा की गई थी कि एक समूह से दो कैडरों का चयन नहीं होगा, लेकिन बाद में उसी नियम का उल्लंघन किया गया।

3. लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ रहने का आरोप

शिकायतकर्ता का कहना है कि भारती ध्रुव वर्ष 2019 से लगातार एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। इस दौरान संगठन में आपसी विवाद, गुटबाजी, सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार तथा वित्तीय अनियमितताओं को बढ़ावा देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

कलेक्टर को दिए आवेदन में शिकायतकर्ता ने मांग की है कि— पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।

• वर्ष 2019 से अब तक के समस्त आय-व्यय एवं वित्तीय लेन-देन का विशेष ऑडिट कराया जाए।

• कथित फर्जी भुगतान की राशि संबंधित व्यक्ति से ब्याज सहित वसूल कर शासकीय मद में जमा कराई जाए।

• आरोप सिद्ध होने पर संबंधित PRP को तत्काल पद से हटाकर विभागीय कार्रवाई एवं BNS-2023 के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।

• बिहान योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए PRP का नियमित स्थानांतरण किया जाए।

जांच आदेश:-

बिहान योजना में ग्राम गोधना की PRP भारती ध्रुव के खिलाफ गंभीर अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी, नियमों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार की शिकायत पर जनपद पंचायत नवागढ़ ने जांच के आदेश दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विकास विस्तार अधिकारी अशोक चावला एवं सहायक विकास विस्तार अधिकारी ममता राठौर को 7 दिनों के भीतर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता रचना कुर्रे द्वारा जनदर्शन में प्रस्तुत शिकायत के आधार पर की गई है।