राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा सहायक शिक्षक तुलसी प्रसाद साहू को स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से किया सम्मानित
कसडोल। शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत’ द्वारा रायपुर के शांति नगर में शाम 5 बजे से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला डेराडीह के सहायक शिक्षक तुलसी प्रसाद साहू को प्रतिष्ठित “स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। संस्था के अनुसार यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग और बेहतर बदलाव लाने वाले शिक्षकों के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। तुलसी प्रसाद साहू को यह सम्मान उनके शिक्षा क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और नवाचारों के लिए प्रदान किया गया। समारोह के माध्यम से देशभर के शिक्षकों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराया गया, जहां वे अपने उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों और प्रेरणादायी अनुभवों को साझा कर सकें। संस्था का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एक दैनिक समाचार पत्र के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी उपस्थित रहे। वहीं समारोह की अध्यक्षता शिक्षाविद, समाजसेवी और एन.आर. स्टील रायगढ़ के संस्थापक संजय अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष (भाषा विज्ञान) एवं रेल मंत्रालय भारत सरकार के राजभाषा हिंदी सलाहकार डॉ. चितरंजन कर तथा राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा मंच पर मौजूद रहे।





