तेज रफ्तार बुलेट और साइकिल में आमने-सामने भिड़ंत, दो गंभीर घायल… डायल 112 ने बचाई जान

(ROUNAK SAHU)

KASDOL; शाम करीब 04:00 बजे थाना कसडोल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छेरछेद मॉडर्न स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक तेज रफ्तार बुलेट और साइकिल के बीच आमने-सामने की सीधी टक्कर हो गई, जिसमें दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना कसडोल की डायल 112 टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को तत्काल इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल में भर्ती कराया।


हादसे के बाद बेहोश हुआ साइकिल चालक, बुलेट सवार का टूटा कंधा- कंट्रोल रूम से शाम 04:00 बजे इवेंट (सूचना) प्राप्त होते ही डायल 112 वाहन में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और वाहन चालक केशव प्रसाद साहू बिना कोई समय गंवाए तत्काल घटनास्थल ग्राम छेरछेद के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर देखा कि सड़क पर बुलेट और साइकिल की आपस में जबरदस्त भिड़ंत हुई थी। इस दुर्घटना में साइकिल चालक मनमोहन केवट (पिता श्री छात्राम केवट, उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम छरछेद के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण वे मौके पर ही बेहोश हो गए थे। वहीं बुलेट (वाहन क्रमांक CG 13 BD 4885) के चालक धीरज भोई (पिता कृष्ण वल्लभ), निवासी ग्राम छिछोर उमरिया (ब्लॉक पुसौर, जिला रायगढ़) का बायां शोल्डर (कंधा) बुरी तरह टूट चुका था और वे अत्यधिक दर्द से तड़प रहे थे।

परिजनों की मौजूदगी में तत्काल अस्पताल में कराया दाखिल- दोनों घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डायल 112 के स्टाफ ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों और मौके पर पहुंचे परिजनों की सहायता से दोनों गंभीर घायलों को अत्यंत सावधानीपूर्वक उठाकर डायल 112 सरकारी वाहन में शिफ्ट किया और तुरंत सीएचसी (CHC) कसडोल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों से मिलकर दोनों को आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया, जिससे समय पर उनका इलाज शुरू हो सका। इसके साथ ही घटना के संबंध में थाना कसडोल पुलिस को भी उचित वैधानिक कार्रवाई हेतु तत्काल सूचित कर दिया गया है।

इन्हें भी पढ़े