बकरी को बचाने के चक्कर में पुलिया से टकराई बाइक, एक ही परिवार के तीन लोग घायल; कसडोल डायल 112 ने त्वरित रेस्क्यू कर गंभीर घायल को पहुंचाया अस्पताल

(ROUNAK SAHU)

KASDOL; थाना कसडोल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुगदा (तुरतुरिया के पास) मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल के सामने अचानक एक बकरी आ जाने से उसे बचाते समय बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिनमें बाइक चालक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही कसडोल डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल में भर्ती कराया।


​परिचित के घर जा रहा था परिवार, सुगदा के पास अनियंत्रित हुई बाइक- ​कंट्रोल रूम से सुबह 11:00 बजे सूचना प्राप्त होते ही डायल 112 वाहन में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और वाहन चालक नेतराम पटेल बिना कोई समय गंवाए तत्काल घटनास्थल ग्राम सुगदा के लिए रवाना हुए। ​घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा कि तीन लोग सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे। पूछताछ में घायलों की पहचान रामनारायण वर्मा (पिता तुलसी राम वर्मा, उम्र 55 वर्ष), रेवती बाई वर्मा (पति रामनारायण वर्मा, उम्र 50 वर्ष) और घायल की बेटी के रूप में हुई। यह सभी ग्राम जंगलोर थाना पलारी के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के सदस्य हैं। यह परिवार अपनी मोटरसाइकिल से जंगलोर से अर्जुनी (बलदाकछार) अपने एक परिचित के घर जा रहा था, तभी ग्राम सुगदा के पास यह हादसा हो गया।

​चालक को आई गंभीर चोंटे, डायल 112 स्टाफ ने दिखाई संवेदनशीलता- ​टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक रामनारायण वर्मा के सिर, कमर, पीठ, पैर और घुटने में गंभीर चोटें आईं। साथ ही उनका दाहिना सोल्डर (कंधा) और दाहिने हाथ की कलाई दो जगहों से फ्रैक्चर हो गई, जिससे वे अत्यधिक दर्द से तड़प रहे थे। वहीं उनकी पत्नी रेवती बाई और 14 वर्षीय को कमर, पीठ और हाथ में सामान्य चोटें आई थीं। ​आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक नेतराम पटेल ने बेहद सावधानीपूर्वक तीनों घायलों को डायल 112 सरकारी वाहन में शिफ्ट किया और तुरंत सीएचसी कसडोल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों से मिलकर तीनों को आपातकालीन उपचार हेतु भर्ती कराया गया।

 

​नंबर न होने पर सरपंच के माध्यम से परिजनों तक पहुंचाई सूचना- ​घायलों के पास परिवार का कोई मोबाइल नंबर उपलब्ध न होने के कारण डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनके गृह ग्राम जंगलोर के सरपंच से संपर्क साधा। टीम ने सरपंच को हादसे की पूरी जानकारी देते हुए घायलों के घर-परिवार तक तुरंत सूचना पहुंचाने का निवेदन किया, ताकि परिजन समय पर अस्पताल पहुंच सकें।

इन्हें भी पढ़े