सिवनी हाई स्कूल में चांपा पुलिस का जागरूकता अभियान, नए कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को चांपा पुलिस द्वारा विधिक एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) सहित नए कानूनों की सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कानून की बुनियादी जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सके तथा किसी भी अपराध की स्थिति में सही कानूनी प्रक्रिया अपनाकर न्याय प्राप्त कर सके। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
वहीं थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बढ़ते साइबर अपराधों पर विस्तार से जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, फेक कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी और साइबर ब्लैकमेल से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा न करें। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू, रुखसाना बानो एवं गोपी राजपूत ने महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, नशामुक्ति, यातायात नियमों के पालन तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। वहीं रक्षा टीम की सदस्य निशा पांडेय एवं दिव्या राजपूत ने छात्राओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा, आपातकालीन सहायता सेवाओं तथा किसी भी कठिन परिस्थिति में बिना डर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।
विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, कानून के प्रति जागरूक रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की सीख दी। उन्होंने चांपा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानूनी समझ, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने चांपा पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उप सरपंच गोविंद राठौर, रामाधीन राठौर, रामकृष्ण बरेठ, देवेन्द्र श्रीवास सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस की इस जनजागरूकता पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।





