वायरल वीडियो मामला: तेलीपारा डोंगाकोहरौद के प्रधान पाठक निलंबित, कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | शासकीय प्राथमिक शाला तेलीपारा, डोंगाकोहरौद से जुड़े वायरल वीडियो मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय के प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पामगढ़ द्वारा मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह कार्रवाई की।


जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वायरल वीडियो तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया प्रधान पाठक का आचरण गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया। उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में भुवनेश्वर कौशिक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े