एक शर्त और खत्म हो गई जिंदगी, तालाब में डूबने से युवक की मौत

{Pankaj Kurre}

अकलतरा । जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में युवक ने अपने मामा के साथ करीब 50 फीट गहरे तालाब को तैरकर पार करने की शर्त लगा ली। कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका।


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कटघरी निवासी दीपक टंडन सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने मामा महेंद्र और साथी रोहित के साथ खटोला पहाड़ी के सामने स्थित तालाब पहुंचा था। तीनों ने पहले शराब पी। इसके बाद मामा महेंद्र घर लौट गए, जबकि दीपक और रोहित तालाब के किनारे ही रुके रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नशे की हालत में दोनों के बीच तालाब पार करने की चुनौती लगी। दीपक ने अपने कपड़े उतारे और बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी। शुरुआत में वह तैरता हुआ आगे बढ़ा, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह गहराई में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद करीब 50 फीट गहरे पानी से दीपक का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना के बाद तालाब की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब का पहले सौंदर्यीकरण कराया गया था, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। गहरे पानी की चेतावनी संबंधी बोर्ड, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपायों के अभाव में ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में इसे डूबने से हुई मौत माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़े