CGPSC ने जारी किया सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 का परिणाम, 7301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित

{Pankaj Kurre}

रायपुर । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (गृह पुलिस विभाग) परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया है। आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए कुल 7301 अभ्यर्थियों को चयनित किया है। परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।


आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञापन क्रमांक 02/2024/परीक्षा के तहत गृह पुलिस विभाग में कुल 341 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इन पदों के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 12 जुलाई 2026 को राज्य के 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी।

प्रारंभिक परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए विज्ञापित 341 पदों के 20 गुना यानी 6820 अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था, लेकिन विभिन्न वर्गों एवं उपवर्गों में समान अंक (कट-ऑफ) प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की उपलब्धता को देखते हुए प्रावधिक रूप से कुल 7301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित किया गया है।

आयोग ने बताया कि मुख्य परीक्षा का आयोजन 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 को संभावित रूप से किया जाएगा। परीक्षा कार्यक्रम एवं अन्य विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस संबंध में विस्तृत सूचना बाद में जारी की जाएगी। आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की अपील की है।

प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में चयनित अभ्यर्थियों की सूची, जिसमें अनुक्रमांक, नाम, जन्मतिथि, वर्ग एवं उपवर्गवार कट-ऑफ अंक शामिल हैं, आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

Download PDF…. Check Result…

SUBEDAR,_SUB_INSPECTOR_CADRE_&_PLATOON_COMMANDER_RECRUITMENT_2024 (1)

मुख्य बिंदु:

कुल पद: 341

प्रारंभिक परीक्षा: 12 जुलाई 2026

परीक्षा केंद्र: 183 (33 जिलों में)

मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थी: 7301

मुख्य परीक्षा की संभावित तिथि: 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026

मुख्य परीक्षा हेतु अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

इन्हें भी पढ़े