खरौद गढ़वा तालाब में मगरमच्छ की खबर निकली भ्रामक, 15 वर्षीय युवक ने मांगी माफी

{Pankaj Kurre}

शिवरीनारायण | नगर पंचायत खरौद के गढ़वा तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई पोस्ट अब भ्रामक साबित हुई है। मामले में मांझापारा, खरौद निवासी 15 वर्षीय योगेश कुमार आदित्य, पिता रमेश कुमार आदित्य ने नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित क्षमा याचना एवं स्पष्टीकरण पत्र सौंपकर अपनी गलती स्वीकार की है।


अपने पत्र में योगेश कुमार आदित्य ने बताया कि 06 अगस्त 2026 को उसने अपने मोबाइल फोन से AI की सहायता लेकर मांझापारा, खरौद स्थित गढ़वा तालाब में मगरमच्छ होने संबंधी एक फोटो एवं सूचना तैयार की थी। यह फोटो एवं सूचना उसके द्वारा अनजाने में/गलती से सोशल मीडिया पर पोस्ट हो गई थी।

युवक ने अपने स्पष्टीकरण में स्पष्ट किया कि उक्त फोटो और सूचना पूरी तरह गलत, भ्रामक एवं वास्तविक तथ्यों पर आधारित नहीं थी। उसका उद्देश्य नगरवासियों में किसी भी प्रकार का भय या भ्रम उत्पन्न करना अथवा नगर पंचायत खरौद की छवि को प्रभावित करना नहीं था।

योगेश ने पत्र में इस गलती पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि उसे अपनी गलती का एहसास है और वह इसके लिए हृदय से क्षमा चाहता है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई मगरमच्छ संबंधी जानकारी सत्य नहीं है।

भविष्य में बिना पुष्टि सूचना साझा नहीं करने का भरोसा

युवक ने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन देते हुए कहा कि वह किसी भी अस्पष्ट या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करेगा तथा किसी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करेगा।

पत्र के अंत में योगेश कुमार आदित्य ने अपनी कम उम्र और हुई गलती को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों से भूल को क्षमा करने की विनम्र अपील की है। पत्र पर योगेश कुमार आदित्य के साथ उसके अभिभावक रमेश कुमार आदित्य के हस्ताक्षर भी हैं।

इन्हें भी पढ़े