अक्षांश कश्यप का लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चयन, बने उपकप्तान

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय लवन के अंडर-14 वर्ग के प्रतिभावान छात्र अक्षांश कश्यप ने क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अक्षांश का लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए चयन हुआ है। इस बार उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय टीम का उपकप्तान (वाइस कैप्टन) चुना गया है।


ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ के जवाहर नवोदय विद्यालयों के अंडर-14 वर्ग के खिलाड़ियों के चयन के लिए छत्तीसगढ़ के सरायपाली में ट्रायल आयोजित किया गया। दोनों राज्यों के जवाहर नवोदय विद्यालयों से करीब 60 चुनिंदा खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए चयनित किया गया था। ट्रायल मैच में अक्षांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका राष्ट्रीय टीम के उपकप्तान के रूप में चयन किया गया।

जवाहर नवोदय विद्यालय लवन से अंडर-14 वर्ग में अक्षांश इस चयन के लिए एकमात्र खिलाड़ी हैं। इससे पहले वर्ष 2025 में भी उनका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के लिए चयन हुआ था। लगातार दूसरे सत्र में राष्ट्रीय स्तर पर चयन और इस बार उपकप्तान की जिम्मेदारी मिलना अक्षांश की प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और मेहनत को दर्शाता है।

चयनित खिलाड़ियों का आगामी दिनों में ढेंकानाल में प्रैक्टिस सेशन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता विशाखापत्तनम में होगी, जहां अक्षांश राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।

अक्षांश की इस उपलब्धि से उनके पालक कपिल कश्यप एवं शालिनी कश्यप बेहद खुश और गौरवान्वित हैं। वहीं पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय लवन के प्रभारी प्राचार्य डी.के. ठाकुर, क्रीड़ा शिक्षक प्रदीप कुमार, वेद साहू, लाइब्रेरियन राजेन्द्र कुमार सिक्का, कन्नड़ शिक्षक रघु राजन सोनार, शिक्षक ज्ञान प्रकाश एवं कान्ति लाल पटेल तथा बलौदाबाजार मास्टर क्रिकेट अकादमी के बलराम साहू एवं सागर सक्सेना ने अक्षांश को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के शिक्षकों ने अक्षांश की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। अक्षांश के लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय टीम में चयन और उपकप्तान बनने से विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

इन्हें भी पढ़े