बिलासपुर रेंज में साइबर अपराध पर IG गर्ग सख्त, फर्जी SIM बेचने वाले POS एजेंटों पर FIR के आदेश

{Pankaj Kurre}

बिलासपुर | साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री राम गोपाल गर्ग ने 18 अगस्त 2026 को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में साइबर थानों और साइबर सेल की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेंज के साइबर थानों के नोडल राजपत्रित अधिकारी, ASP/DSP, साइबर थाना प्रभारी और साइबर सेल प्रभारी मौजूद रहे।


बैठक में साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, FIR और लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। आईजी ने सभी अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का बिना देरी के निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिर्फ साइबर थाने ही नहीं, बल्कि रेंज के सभी सामान्य थानों को भी रोजाना नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर लॉगिन करना अनिवार्य होगा। पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

फर्जी SIM बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


आईजी ने फर्जी या संदिग्ध SIM एक्टिवेट करने वाले POS एजेंटों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त mule accounts की सूचियों के आधार पर भी तत्काल कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने कहा गया।

पीड़ितों को जल्द वापस मिलेगी ठगी की राशि

बैठक में साइबर ठगी के मामलों में बैंकों में होल्ड राशि को पीड़ितों के खातों में जल्द वापस कराने पर विशेष जोर दिया गया। 15 दिन से अधिक पुराने बैंक होल्ड मामलों पर तत्काल कार्रवाई कर धारा 106 एवं कोर्ट ऑर्डर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पुलिस स्तर पर बैंक रिक्वेस्ट लंबित नहीं रखने की भी हिदायत दी गई।

मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट होंगे ब्लॉक

साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, IP एड्रेस, WhatsApp और Telegram अकाउंट को प्राथमिकता से ब्लॉक कराने के निर्देश दिए गए। इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी जाएगी।

‘समन्वय पोर्टल’ पर अपराधियों का पूरा डेटा होगा अपलोड

गिरफ्तार साइबर अपराधियों का संपूर्ण विवरण, फिंगरप्रिंट और FIR स्टेटस ‘समन्वय पोर्टल’ पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा कर स्थानीय युवाओं को साइबर अपराध के प्रति जन-जागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

आईजी ने कहा—शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें

आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पारदर्शी पुलिसिंग और आधुनिक तकनीकी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा शिकायतों और प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर जनता को सीधा लाभ पहुंचाने की सख्त हिदायत दी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा, रेंज साइबर थाना प्रभारी सहित साइबर थाना एवं साइबर सेल का स्टाफ उपस्थित रहा।

इन्हें भी पढ़े