अकलतरा में देर रात भीषण आग से 14 लोगों की बची जान, 5 परिवारों को सुरक्षित निकाला
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | थाना अकलतरा पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई से बीती देर रात एक बड़ी आगजनी की घटना में 14 लोगों की जान बच गई। रात करीब 2:30 बजे अम्बेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स के पास कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शंस में अचानक आग लग गई। दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलता देख रात्रि गश्त पर निकली अकलतरा पुलिस ने तत्काल स्थिति को भांपा और आसपास के लोगों को सूचना देकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
सीढ़ियों पर लपटें, फिर भी पुलिस ने नहीं मानी हार
पुलिस को जानकारी मिली कि दुकान के प्रथम तल पर 5 परिवार निवासरत हैं। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियां भी आग की लपटों से घिर गई थीं। ऐसे में अंदर फंसे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था।
अकलतरा पुलिस ने बिना समय गंवाए विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और उसके माध्यम से प्रथम तल पर फंसे सभी 14 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। रेस्क्यू किए गए लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 2 पुरुष सहित कुल 14 लोग शामिल थे। इनमें 2 बालक और 2 बालिकाएं भी थीं।
फायर ब्रिगेड की मदद से ढाई घंटे बाद आग पर काबू
लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आग पर नियंत्रण पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर तथा जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड को तत्काल बुलाया गया। अग्निशमन दल और पुलिस की टीम ने करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से भी रोक लिया गया। इससे बड़ी जनहानि और व्यापक संपत्ति नुकसान की आशंका टल गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार आग नीरज कलेक्शन क्लॉथ शॉप में लगी थी। दुकान के संचालक परितोष चक्रधारी, पिता राज नारायण चक्रधारी, उम्र 26 वर्ष, निवासी अंधियारी पाठ, अकलतरा हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण संभावित शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आगजनी की घटना सिसोदिया कॉम्प्लेक्स, अम्बेडकर चौक के पास हुई।
पुलिस की तत्परता से टली बड़ी जनहानि
घटना के दौरान पुलिस की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देखने को मिला। रात्रि गश्त के दौरान समय रहते आग का पता चलने और पुलिस द्वारा तत्काल रेस्क्यू शुरू किए जाने से प्रथम तल पर फंसे पांच परिवारों के 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। रेस्क्यू किए गए परिवारों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर एवं थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही अग्निशमन दल होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने में अहम योगदान दिया।
अकलतरा पुलिस की सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक बड़ी आगजनी की घटना में 14 लोगों की जान बच गई और आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से भी रोक लिया गया।








