TET उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर पालक संघ ने उठाई आवाज, छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन ने शिक्षा मंत्री से तत्काल पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने की रखी मांग
(रौनक साहू)
कसडोल। प्रदेश में शिक्षकों की कमी एवं विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन ने TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण किए जाने की मांग की है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष किरिटकुमार पॉल द्वारा माननीय स्कूल शिक्षा मंत्री को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में प्रशिक्षित एवं योग्य शिक्षकों की कमी बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में विलंब होने से विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है।
पालक संघ ने अपने पत्र में TET उत्तीर्ण शिक्षकों की पात्रता एवं पदोन्नति से जुड़े नियमों का यथावत पालन करते हुए योग्य शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने का आग्रह किया है।
एसोसिएशन का कहना है कि TET उत्तीर्ण शिक्षक निर्धारित शैक्षणिक एवं पात्रता मानकों को पूरा करने वाले शिक्षक हैं। ऐसे पात्र शिक्षकों की पदोन्नति में अनावश्यक विलंब होने से न केवल शिक्षकों के हित प्रभावित होते हैं, बल्कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
*बच्चों की पढ़ाई से कोई समझौता नहीं*
छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि पालक संघ का उद्देश्य किसी भी प्रकार से बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित करना नहीं है। बल्कि योग्य TET उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति एवं शिक्षकों की कमी दूर होने से विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था और मजबूत होगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
एसोसिएशन ने शासन से मांग की है कि TET उत्तीर्ण एवं पदोन्नति के लिए पात्र सभी शिक्षकों के मामलों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हो सके और बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रहे।
पालक संघ का संदेश स्पष्ट है—
“योग्य शिक्षकों को उनका अधिकार मिले और बच्चों की पढ़ाई भी निर्बाध चले।








