पैसों की लेनदेन को लेकर खूनी विवाद: 15 वर्षीय नाबालिग की मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ । जिले के पामगढ़ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पैसों की पुराने लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 15 वर्षीय नाबालिग युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने बिलासपुर और रायपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ के वार्ड क्रमांक 04 निवासी (रमेश) महेश टंडन बीते कल दोपहर करीब 1 बजे अपने 15 वर्षीय बेटे शिवा टंडन के साथ मौजूद थे। इसी दौरान महेश टंडन ने गांव के ही कुछ युवकों से पुराने कुछ पैसे वापस करने की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
परिजनों के मुताबिक, आरोप है कि युवकों ने महेश टंडन और उनके बेटे शिवा के साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। आरोप यह भी है कि शिवा को बेरहमी से पीटा गया और कई बार उठाकर जमीन पर पटका गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं उसके पिता महेश टंडन के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
थाने पहुंची घायल की मां, दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद शिवा की मां अनुसुइया टंडन घायल बेटे को लेकर पामगढ़ थाने पहुंचीं और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद शिवा को उपचार के लिए सीएचसी पामगढ़ में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया।
बाद में बेहतर उपचार के लिए शिवा को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शिवा की मौत की सूचना उसके चचेरे भाई ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी।
मर्ग कायम, आरोपियों की तलाश तेज
नाबालिग की मौत की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम को रायपुर रवाना किया गया है। वहीं घटना में शामिल बताए जा रहे फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।








