पुरानी रंजिश को लेकर खूनी विवाद : छोटे भाई ने बड़े भाई-भाभी पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

{Pankaj kurre}

पामगढ़ | जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में पुरानी रंजिश को लेकर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी पर बांस की लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। मामले में पामगढ़ पुलिस ने आरोपी छोटे भाई जनकराम साहू (50), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जनकराम ने बांस की लाठी से पुनीराम साहू के सिर पर कई वार कर दिए। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी पर भी आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद दोनों मौके पर गिर पड़े।


घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के संबंध में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पामगढ़ पुलिस ने आरोपी जनकराम साहू को कोसला गांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में निरीक्षक सावन सारथी, थाना प्रभारी पामगढ़, सउनि प्रमोद महार, मप्रआर मंजू सिंह, श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, शिवप्रसाद बघेल, वीरेंद्र सूर्यवंशी, ओमप्रकाश कुर्रे, हरप्रसाद सिन्हा, मआर जयंती लहरे एवं सैनिक अनिल दिनकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े