स्कूल-कॉलेज और सत्संग भवन के पास शराब दुकान खोलने का विरोध, स्थान परिवर्तन की मांग

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ | नगर पंचायत पामगढ़ के वार्ड क्रमांक 04 में प्रस्तावित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पामगढ़ को ज्ञापन सौंपा है।


ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि प्रस्तावित शराब दुकान का स्थान शासकीय स्कूल, कॉलेज और सत्संग भवन के आसपास है। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वार्डवासियों का कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने की आशंका है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो सकता है।


प्रस्तावित स्थल पामगढ़ को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग से लगा हुआ है, जिस पर नगरवासी प्रतिदिन आवागमन करते हैं। वार्डवासियों ने उक्त स्थान पर शराब दुकान खोले जाने को अनुचित बताते हुए दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने की मांग की है।

वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद अशोक कुमार खुटे सहित वार्डवासियों ने प्रशासन से मामले में गंभीरता से विचार करते हुए प्रस्तावित शराब दुकान का स्थान परिवर्तन करने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़े