नैला थाना क्षेत्र में पाइप लाइन के पास मिला 23 वर्षीय युवक का शव
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | नैला थाना क्षेत्र अंतर्गत सरखो और तेंदुभाटा के बीच पाइप लाइन के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेंदुभाटा निवासी 23 वर्षीय सोनू साहू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पाइप लाइन के पास युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जांजगीर भेज दिया गया है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। युवक की मौत की खबर से तेंदुभाटा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।








