अंजली मिरी ने बढ़ाया जिले का मान, CSIR-UGC NET JRF में हासिल की 127वीं रैंक
{Pankaj Kurre}
पामगढ़ | जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत चण्डीपारा की रहने वाली अंजली मिरी ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है। मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाली अंजली मिरी ने CSIR-UGC NET राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा के लाइफ साइंस विषय में 127वीं रैंक हासिल कर Junior Research Fellowship (JRF) के लिए सफलता प्राप्त की है।

अंजली मिरी ग्राम चण्डीपारा, पामगढ़ निवासी राजू मिरी की बेटी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा में भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया। अंजली ने 10वीं की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 12वीं एवं M.Sc. में द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंजली ने 10वीं एवं 12वीं की पढ़ाई शासकीय कन्या शाला से पूरी की। इसके बाद उन्होंने B.Sc. डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय से तथा M.Sc. चैतन्य आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज से किया।
अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अंजली ने अपने पूरे परिवार को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, प्रोत्साहन और अपनी निरंतर मेहनत के चलते वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं।
अंजली की सफलता से चण्डीपारा सहित पामगढ़ और जांजगीर-चांपा जिले में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने आर्थिक परिस्थितियां बाधा नहीं बन सकतीं। अंजली की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।





