संडी बंगला मुड़पार शराब दुकान में ओवररेट का खेल बंद नहीं, शराब प्रेमियों और व्यापारी संघ में भारी नाराजगी
(नीलकमल आजाद)
पलारी। पलारी विकासखंड की संडी बंगला मुड़पार स्थित सरकारी कंपोजिट शराब दुकान में ओवररेट का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे शराब प्रेमियों और व्यापारी संघ में खास नाराजगी देखी जा रही है।
ग्राम पंचायत और व्यापारी संघ ने गांव में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग कर शासन से सरकारी शराब दुकान खुलवाई थी। लेकिन अब उसी सरकारी दुकान में जनता से ओवररेट के नाम पर लूट मची हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान में तय कीमत से 20 से 30 रुपये ज्यादा वसूला जा रहा है। विरोध करने पर शराब नहीं दी जाती। वहीं शराब कोचियों से सेटिंग कर उन्हें सीधे शराब उपलब्ध कराकर शराब माफियाओं को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
इससे शासन की अवैध शराब रोकने की मंशा पर ही पानी फिर रहा है। कोचिये सरकारी दुकान से शराब लेकर गांव-गांव में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं।
व्यापारी संघ और ग्रामीणों ने आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर ओवररेट पर रोक लगाने और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।





