पामगढ़ में जानलेवा हमला, चाकू-बेसबॉल स्टिक से किया वार; एक आरोपी गिरफ्तार

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ | जांजगीर चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के चण्डीपारा में पूर्व विवाद को लेकर तीन लोगों द्वारा कथित रूप से पूर्व नियोजित तरीके से दो युवकों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी रितेश जायसवाल (25) को अकलतरा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पुलिस की विवेचना जारी है।


पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी। इसी मामले में प्रार्थी कमलेश यादव गवाह था। अगले दिन 16 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे कमलेश यादव अपने दोस्त गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ मोटरसाइकिल से पामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान यासनी मंजिल, चण्डीपारा मेन रोड के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोककर विवाद किया।


पुलिस के मुताबिक, आकाश जायसवाल ने चाकू से संजय मिरी पर हमला किया, जिससे उसकी पीठ में चोट आई और गंभीर हालत में उसे बिलासपुर रेफर किया गया। वहीं मुक्कु यादव पर बेसबॉल स्टिक से कमलेश के साथ मारपीट तथा रितेश जायसवाल पर हाथ-मुक्के से हमला करने का आरोप है। घटना में कमलेश के सिर पर भी चोट आई।

पुलिस ने चाकू, बेसबॉल स्टिक तथा आरोपी के खून के निशान वाले कपड़े जप्त किए हैं। थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 389/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 126(2), 296, 351(3), 109(1), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में की गई। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

इन्हें भी पढ़े