बाबा साहब की प्रतिमा के अपमान पर भीम रेजिमेंट का आक्रोश, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा । बिलासपुर–तखतपुर मार्ग पर लाखासर मोड़ के पास संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अपशिष्ट पदार्थ फेंककर अपमान किए जाने के मामले ने आक्रोश पैदा कर दिया है। मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।


भीम रेजिमेंट की टीम ने जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक के माध्यम से बिलासपुर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की। संगठन का कहना है कि बाबा साहब की प्रतिमा का अपमान न केवल सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है, बल्कि इससे क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास भी किया गया है।

संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर बिना किसी देरी के गिरफ्तार किया जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


ज्ञापन सौंपने के दौरान भीम रेजिमेंट छत्तीसगढ़ के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगठन ने स्पष्ट किया कि बाबा साहब के सम्मान और संविधान की गरिमा से जुड़े इस मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई होने तक आवाज उठाई जाती रहेगी।

इन्हें भी पढ़े