नवरात्रि पर नैला दुर्गा पंडाल के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर चारपहिया और भारी वाहनों की एंट्री बंद
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | नवरात्रि पर्व के दौरान नैला स्थित अग्रसेन भवन के सामने मां दुर्गा पंडाल में दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। नवरात्रि पर्व 11 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हो रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विभिन्न मार्गों से आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बीटीआई चौक से नेताजी चौक की ओर जाने वाले लिंक रोड पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, नेताजी चौक से अग्रवाल प्रिंटर्स तक नैला की ओर जाने वाले मार्ग पर भी चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा, नवरात्रि पर्व तक नैला-जांजगीर टाउन क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अलग-अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
नैला फाटक, बलौदा और सरखो की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन नैला दशहरा मैदान, नैला बस स्टैंड, पीएनबी बैंक के बगल, गोशाला स्कूल, अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने तथा नहरिया बाबा रोड के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े कर सकेंगे।
बनारी और अकलतरा की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए शारदा चौक के पास सरस्वती शिशु मंदिर नैला, जय भारत स्कूल, हॉलैंड ट्रैक्टर के पीछे, बजरंगी पारा गली तथा एचपी गैस/ओल्ड आर्या मोबाइल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
केरा रोड, खोखरा और सुकली की ओर से आने वाले श्रद्धालु तहसील चौक स्थित सी-मार्ट परिसर, गणेश समिति ग्राउंड और तहसील कार्यालय परिसर में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
चांपा की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए जांजगीर हाई स्कूल मैदान, डाइट स्कूल, हैंडबॉल ग्राउंड, पुराना अस्पताल जांजगीर, डीईओ कार्यालय, तुलसी भवन के सामने कृष्णा प्लाजा तथा नहर पार से नहरिया बाबा रोड के नीचे नैला की ओर जाने वाले मार्ग पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

नैला स्टेशन जाने और लौटने के लिए वन-वे व्यवस्था
नैला रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए शारदा चौक से नेभनदास गली होते हुए स्टेशन तक का मार्ग वन-वे रहेगा। वहीं, नैला स्टेशन से जांजगीर आने वाले वाहन अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने से नहरिया बाबा रोड होते हुए आवागमन करेंगे। पुलिस ने इन मार्गों पर निर्धारित वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। यातायात नियमों, रूट डायवर्जन और प्रतिबंधित मार्गों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन को सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।





