आधी रात घर में घुसकर जानलेवा हमला, बिर्रा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। बिर्रा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आधी रात घर में घुसकर दो लोगों पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलादेही निवासी 34 वर्षीय शांति लाल कटकवार ने बीती रात करीब 3 बजे ग्राम गतवा निवासी संतोष साहू के घर में घुसकर हमला किया। आरोपी ने पहले पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान के रास्ते घर तक पहुंचकर छत के दरवाजे का ताला आरी ब्लेड से काटा और अंदर प्रवेश किया।

बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथ कुल्हाड़ी, गंडासा, नुकीला बिन्हा और ट्रैक्टर की लोहे की नांगर पट्टी जैसे घातक हथियार लेकर आया था। घर में घुसते ही उसने संतोष साहू और ओमप्रकाश साहू पर बदले की भावना से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सभी घातक हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बिर्रा में धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 331(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्यवाही में फॉरेंसिक क्राईम यूनिट टीम प्रभारी जांजगीर सुश्री सृष्टि राय एवं थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जय कुमार साहू, स0उ0नि0 नरेन्द्र शुक्ला, सउनि टी.आर. जांगड़े, प्र.आर. गौतम गोविन्द पाण्डेय, आरक्षक रघुवीर यादव, दीपक तिवारी, लक्ष्मीनारायण कश्यप, रामसाय साहू का विशेष योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े