पकरिया-झू में लगा सरकार का सेवा शिविर, 13.14 करोड़ के ऋण मंजूर; ग्रामीणों को एक ही मंच पर मिली योजनाओं की सौगात
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड अकलतरा की ग्राम पंचायत पकरिया-झू में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहीमूलक सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना रहा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सेवा सेतु अभियान ऐसा मंच है, जहां शासन स्वयं ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।
ऋण मेले में करोड़ों की सौगात
शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले में कुल 263 प्रकरणों में ₹13.14 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई, जबकि 143 प्रकरणों में ₹10.80 करोड़ का वितरण किया गया।
इसमें बिहान योजना के स्व-सहायता समूहों के 123 प्रकरणों में ₹6.91 करोड़ स्वीकृत और 60 प्रकरणों में ₹2.78 करोड़ वितरित किए गए। मुद्रा ऋण के 21 प्रकरणों में ₹28 लाख स्वीकृत हुए। महिला उद्यमी ऋण के 16 प्रकरणों में ₹15 लाख स्वीकृत किए गए तथा 4 प्रकरणों में ₹4.60 लाख वितरित किए गए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के एक क्लेम में ₹1 लाख की राशि भी प्रदान की गई।
ई-रिक्शा से लेकर मिनी राइस मिल तक वितरण
स्वरोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए हितग्राहियों को 4 आटा चक्की, 1 मिनी राइस मिल, 1 फोटो कॉपी मशीन और 2 ई-रिक्शा वितरित किए गए। इन संसाधनों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित करने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में नए लखपति दीदियों का सम्मान किया गया। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।
एक ही शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
शिविर में पात्र हितग्राहियों को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा और ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। निर्माण श्रमिकों से जुड़ी सहायता योजनाओं, नोनी सशक्तिकरण योजना, पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को दिया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना, जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा, अटल पेंशन और स्वामित्व योजना सहित विभिन्न योजनाओं की सेवाएं शिविर में उपलब्ध कराई गईं।
स्वच्छता से स्वास्थ्य तक, मौके पर मिली सुविधाएं
शिविर में ग्रामीणों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई तथा अन्नप्राशन कार्यक्रम के जरिए बच्चों के पोषण एवं स्वस्थ विकास का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने शिविर स्थल पर ही पोर्टेबल एक्स-रे, एनसीडी जांच और नेत्र परीक्षण की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई। ग्रामीणों की मौके पर स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया।
वहीं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 112, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 98 और अटल पेंशन योजना के 15 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया।
03 अक्टूबर को कुटराबोड़ में लगेगा अगला शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में विशेष शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। 03 अक्टूबर को पामगढ़ के डीएव्ही स्कूल ग्राउंड, ग्राम पंचायत कुटराबोड़ में शिविर आयोजित होगा। इसके बाद 05 अक्टूबर को बलौदा के अटल समरसता भवन जावलपुर, 06 अक्टूबर को नवागढ़ के ग्राम पंचायत सेमरा हाई स्कूल परिसर और 08 अक्टूबर को बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।





