संदीपनी कॉलेज के सामने भीषण सड़क हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा घायल
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के ग्राम भंवतरा के दो युवक सोमवार सुबह 25 मई 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के अनुसार हरीश कुमार कश्यप और अजित साहू बाइक से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान मस्तूरी क्षेत्र में संदीपनी कॉलेज के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में हरीश कुमार कश्यप के सिर में गंभीर चोट आई थी। दोनों को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान हरीश कुमार कश्यप ने दम तोड़ दिया।
वहीं दूसरे घायल अजित साहू का अस्पताल में उपचार जारी है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक रायपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और काम के सिलसिले में रायपुर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
फिलहाल मस्तूरी पुलिस मौके की जांच कर रही है तथा दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


