ग्राम पंचायत कोसा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास, आयुर्वेदिक काढ़ा का किया गया वितरण 

(Pankaj Kurre)

कोसा । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर/शासकीय आयुर्वेद औषधालय HWC-कोसा एवं ग्राम पंचायत कोसा के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय प्राथमिक शाला छैडोलिया-कोसा में भव्य योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक सूरज पठारे ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इसमें अनुलोम-विलोम, कपालभाति, वज्रासन, धनुरासन एवं सूर्य नमस्कार सहित अनेक महत्वपूर्ण योग क्रियाएं शामिल रहीं। योग प्रशिक्षक ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने भी योगाभ्यास में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को आयुर्वेदिक काढ़ा वितरित किया गया तथा आयुर्वेद एवं प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं सहयोगी के रूप में ग्राम पंचायत कोसा की सरपंच प्रमिला सिंह, सचिव नरेंद्र भास्कर, सरपंच प्रतिनिधि रजत सिंह, पंचगण सुभाष चौहान, पंकज साहू, रामकुमार एवं रामकिशुन अंचल उपस्थित रहे।

साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोसा के अधिकारी-कर्मचारियों में डॉ. ऊष्मा जांगड़े (AMO), भूलाराम जगत (फार्मासिस्ट), उमा देवी जांगड़े (औषध सेविका), सूरज पठारे (योग प्रशिक्षक), यश जांगड़े एवं लोकपाल भंडारी सहित समस्त ग्रामवासी, विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं निरोगी जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।