चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय के रासेयो का ग्राम जेवरा में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन

चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय के रासेयो का ग्राम जेवरा में सात दिवसीय विशेष शिविर

पामगढ़ / चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय (ऑटोनॉमस), पामगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा ग्राम पंचायत जेवरा के प्राथमिक शाला, जेवरा में 09 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का प्रथम दिन 09 फरवरी को उद्घाटन समारोह के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय बघेल ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों में सेवा भाव, सामाजिक दायित्व, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं ग्राम विकास के प्रति संवेदनशीलता का विकास करना है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम जेवरा के सरपंच श्री होरीलाल चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज से जोड़ने का सशक्त माध्यम है तथा ऐसे शिविरों से ग्राम और महाविद्यालय के बीच सार्थक संवाद स्थापित होता है। विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय के संचालक श्री वीरेंद्र तिवारी ने रासेयो स्वयंसेवकों को समाज सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ प्राध्यापक विवेक जोगलेकर एवं श्रीमती शुभदा जोगलेकर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना के महत्व से अवगत कराया। चैतन्य शिक्षा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित चंद्रा ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ नेतृत्व क्षमता को भी सुदृढ़ करते हैं।

रसायनशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषभ देव पाण्डेय ने रासेयो की भूमिका को शिक्षा और समाज के बीच सेतु बताते हुए इसके दीर्घकालिक सामाजिक प्रभावों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री राजेंद्र साहू, उप सरपंच श्री विरेंद्र मनहर ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में मंच संचालन वरिष्ठ स्वयंसेवक विवेक कुमार द्वारा किया गया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी संजय बघेल द्वारा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में शिविरार्थी स्वयंसेवक प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के समस्त स्टाफ छात्र छात्राएं, ग्राम जेवरा के पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिविर की सफलता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।






इन्हें भी पढ़े