पामगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 2 साल के मासूम को ईंट से मारकर उतारा मौत के घाट
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निर्दयी पिता ने अपने ही 2 साल के मासूम बच्चे की ईंट से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना ग्राम पंचायत हिर्री की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने किसी घरेलू विवाद या मानसिक तनाव के चलते इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। गुस्से में आकर उसने अपने मासूम बच्चे पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगो का कहना है कि ऐसी अमानवीय घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

