अवैध शराब पर अकलतरा पुलिस का बड़ा प्रहार: 204 पाव शराब जब्त, महिला सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अकलतरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर कुल 204 पाव अवैध शराब बरामद करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टीवीएस एक्सल (CG 11 AZ 5541) में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तरौद चौक में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान अर्जुनी की ओर से आ रहे दो युवकों को रोका गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम सहदेव बंजारे (23 वर्ष) और शंकर खाण्डे (28 वर्ष) निवासी अकलतरा बताया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे शराब को अल्का बंजारे (38 वर्ष) के घर छोड़ने जा रहे थे और इससे पहले भी सुबह करीब 100 पाव शराब वहां पहुंचा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब और वाहन जब्त किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने अल्का बंजारे के घर पर छापेमारी की। दरवाजा नहीं खोलने पर पंचनामा एवं वीडियोग्राफी के बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान घर से देशी प्लेन शराब की 91 शीशियां (16.380 लीटर) और सुपर जीप्सी फाइन व्हिस्की की 13 शीशियां (2.340 लीटर) बरामद हुई। कुल जब्त शराब की कीमत करीब 8,580 रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गौरतलब है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई सुरेंद्र कश्यप, हेड कांस्टेबल रेमन सिंह राजपूत, शरीफ खान, तथा आरक्षक महेंद्र राज, कृष्णा पटेल, राज पांडे और रश्मि भदौरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


