सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: CSP योगिताबाली खापर्डे व DSP सतरूपा तारम ने ग्रामीणों में जगाई कानूनी चेतना

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा । भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग की एक प्रेरणादायक पहल की गई। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नए कानूनों, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।


थाना चांपा क्षेत्र के घोघरानाला में CSP योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में तथा ग्राम बिर्रा में आयोजित वार्षिक मेले के दौरान DSP अजाक सतरूपा तारम के नेतृत्व में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, महिलाएं, ग्रामीणजन, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को देश में लागू तीन नई न्याय संहिताओं—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की जानकारी सरल भाषा में दी। अधिकारियों ने बताया कि इन नए कानूनों के लागू होने से न्याय प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, पारदर्शी एवं त्वरित हो गई है।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को ई-एफआईआर की सुविधा के बारे में बताते हुए कहा कि अब थाने पहुंचे बिना भी ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। वहीं जीरो एफआईआर की व्यवस्था के तहत किसी भी थाना क्षेत्र की घटना होने पर किसी भी थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा गवाहों के डिजिटल बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई, जिससे लोगों को बार-बार न्यायालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों पर विशेष फोकस किया गया। अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराधों एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। साथ ही नागरिकों को अनजान कॉल, संदेश और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह देते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी साझा की गई। इसके अलावा ग्रामीणों और महिलाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने सभी से नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जांजगीर पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

इस अवसर पर CSP योगिताबाली खापर्डे ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया था। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए पुलिस का प्रयास है कि हर नागरिक कानून के प्रति जागरूक बने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझे। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ही सुरक्षित, सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

इन्हें भी पढ़े