पीएमश्री आत्मानंद गुरु घासीदास विद्यालय में वार्षिकोत्सव सम्पन्न, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा सबका मन

(रौनक साहू)

कसडोल। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिंदी माध्यम गुरु घासीदास विद्यालय कसडोल में दिन सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सनम जांगड़े प्रदेश अध्यक्ष अनु.जाति मोर्चा भाजपा ने दीप प्रज्वलन कर सरस्वती पूजन के साथ किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत कसडोल के अध्यक्ष नागेश्वर साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. सुदीप मानिकपुरी, जिलाध्यक्ष अनु.जन.जाति मोर्चा भाजपा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के अध्यक्ष गणेश शंकर साहू ने की। कार्यक्रम का सफल आयोजन प्राचार्य वी.आर. मंडलेश्वर के निर्देशन में हुआ। विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता मुकेश दिवाकर एवं श्रीमति सविता नायक ने मंच संचालन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

वार्षिकोत्सव के दौरान नृत्य, गीत, नाट्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गई। विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बोर्ड टॉपर विद्यार्थियों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि डॉ.सनम जांगड़े ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि नागेश्वर साहू ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्षीय संबोधन में गणेश शंकर साहू ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य वी.आर. मंडलेश्वर ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है। उक्त आयोजन में अनिल श्रीवास मंडल महामंत्री, हरिकांत राजू साहू तहसील अध्यक्ष साहू संघ, अजय साहू सभापति न.पं. कसडोल, भानु प्रताप साहू पार्षद,  भगवती साहू पार्षद, मंजू बंजारे पार्षद, नीरज साहू पार्षद, के.आर.कैवर्त पूर्व प्राचार्य, संतोष वर्मा पूर्व प्राचार्य सहित नगर के जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित थें।