जांजगीर में एसीबी की एक और बड़ी कार्रवाई: नवागढ़ नगर पंचायत का लेखापाल ₹8,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर चांपा/नवागढ़। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीबी (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) बिलासपुर की टीम ने एक बार फिर बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए जांजगीर जिले के नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल प्रकाश जायसवाल को ₹8,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी फर्म द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 में नगर पंचायत नवागढ़ क्षेत्र में अधोसंरचना और मरम्मत कार्य किए गए थे, जिसकी बिल राशि करीब ₹2,03,000 थी।
इस बिल का चेक जारी कराने के एवज में लेखापाल प्रकाश जायसवाल द्वारा ₹16,000 रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता पहले ही ₹6,000 दे चुका था, जबकि शेष ₹10,000 की मांग की जा रही थी।
मोलभाव के बाद ₹8,000 में तय हुई रिश्वत
शिकायत का सत्यापन करने पर मामला सही पाया गया। इस दौरान आरोपी द्वारा मोलभाव करते हुए ₹10,000 की जगह ₹8,000 में रिश्वत लेने पर सहमति दी गई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
ट्रैप में रंगे हाथ पकड़ाया
20 मार्च को एसीबी टीम ने योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने भेजा। जैसे ही आरोपी ने ₹8,000 की राशि अपने हाथ में लेकर अपनी कार में रखी, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के नजदीक उसे पकड़ लिया।
मौके से बरामद हुई रकम
एसीबी टीम ने आरोपी के पास से पूरी ₹8,000 रिश्वत राशि बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि एसीबी द्वारा लगातार ट्रैप कार्रवाई कर भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कसा जा रहा है, जिससे पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है।
:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – 7240976439

