बलौदाबाजार ब्रेकिंग: शराब में जहर मिलाकर 8 लोग की मौत, कसडोल पुलिस ने दफन शव को निकलवाया बाहर, FSL की टीम थी मौजूद, कसडोल थाने के खर्वे गांव का है पूरा मामला
(रौनक साहू)
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के खरवे गांव में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई आठ लोगों की मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने शराब में जहर मिलाकर लोगों को पिलाया, जिसके कारण इन मौतों की घटना हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक टीम ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को दफन किए गए शवों को कब्र से बाहर निकालकर परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई।
कसडोल थाना क्षेत्र के खरवे गांव में कथित जहरीली शराब से हुई आठ लोगों की मौत के मामले में पुलिस और प्रशासन ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शनिवार को पुलिस, राजस्व विभाग और एफएसएल की टीम गांव पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि गांव के रामसाय जायसवाल ने शराब में जहर मिलाकर कई लोगों को पिलाया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतकों में बद्री पटेल, बुटालु साहू, छत्तूराम साहू, बुदलू जायसवाल, विनोद साहू, गजानन मांझी, चैतु साहू और महेतरू साहू शामिल हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है। वहीं मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दफन किए गए शवों को बाहर निकालकर आवश्यक परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे गांव में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है और ग्रामीण जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।


