बैंक शाखा प्रबंधक पर रिश्वत मांगने का आरोप, वीडियो के साथ शिकायत..विधायक ने कहा लगातार आ रही शिकायत, किसान है परेशान

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। जिले के ग्राम निपनिया निवासी एक महिला ने जिला प्रशासन से शिकायत कर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की निपनिया शाखा की शाखा प्रबंधक पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसके मृत पति के बैंक खाते में जमा राशि निकालने के लिए उससे रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के साथ कथित लेन-देन का वीडियो भी प्रशासन को सौंपा गया है। इधर भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी शाखा प्रबंधक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारी के पूर्व पदस्थापना काल में भी कई शिकायतें सामने आई थीं। अभी निपनिया के किसान भी काफी त्रस्त है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने भी विभिन्न बैंकिंग कार्यों के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं।

 

शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय रूपदास सतनामी का लगभग एक वर्ष पूर्व निधन हो गया था। उनके पति के नाम से बैंक की निपनिया शाखा में खाता संचालित था, जिसमें करीब 1 लाख 10 हजार रुपये जमा थे। महिला के अनुसार, वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ खाते की राशि प्राप्त करने बैंक पहुंची थी। महिला का आरोप है कि शाखा प्रबंधक अनीता पाण्डेय ने भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के एवज में पहले 10 हजार रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार बाद में यह राशि घटाकर 5 हजार रुपये करने की बात कही गई। महिला ने आरोप लगाया कि भुगतान प्राप्त करने के लिए उसे रिश्वत देने के लिए मजबूर होना पड़ा। महिला ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद मामले की जांच और संभावित कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी थी और संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया था।

इन्हें भी पढ़े