BIG BREAKING वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा: बॉयलर फटने से 30-40 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे, 7-10 मौत की चर्चा; आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
(देवेश साहू)
सक्ति: जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार प्लांट के बॉयलर में अचानक विस्फोट हो गया जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना में 7 से 10 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं और घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
(मामले में अपडेट जारी है…)


