बारात से लौटते समय बाइक पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत
(देवेश साहू)
कसडोल। कसडोल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक के पेड़ से टकराने से यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान ग्राम खैरा दतान निवासी 22 वर्षीय खिलेश्वर साहू और बाइक चालक 25 वर्षीय मोहन धुव के रूप में हुई है। हादसे में सतीश निषाद (22) नामक तीसरा युवक घायल हो गया, जिसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुडीपार से पिपरछेड़ी के बीच की है। तीनों युवक मुडीपार में अपने दोस्त सुरेंद्र पैकरा की शादी की बारात में शामिल होने गए थे। स्वागत समारोह के बाद वे अपने गांव खैरा दतान लौट रहे थे। इसी दौरान जंगल के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक मोहन और उसके पीछे बैठे खिलेश्वर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

तीनों को निजी वाहन से पलारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. बी.एस. ध्रुव ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीनों युवक मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

