रक्षाबंधन पर भाई-बहन के अटूट प्रेम से खिला बिलाईगढ़
बिलाईगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बिलाईगढ़ सहित पूरे अंचल के क्षेत्रों में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का अनोखा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही घरों में उत्साह का वातावरण रहा। बहनों ने प्रेमपूर्वक पूजा की थाली सजाई और विधि-विधान से भाई की पूजा-अर्चना कर माथे पर तिलक लगाया। इसके बाद भाई की कलाई पर रेशम की डोरी से राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और आपसी प्रेम का प्रतीक है। इस दिन बहनें दूर-दराज से अपने मायके और भाइयों के घर पहुंचीं। वर्षों से चले आ रहे इस प्रेम और विश्वास की परंपरा को निभाते हुए बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी और भाई ने भी अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेते हुए उसे उपहार भेंट किया।
राखी बांधने के दौरान भाई-बहन के बीच भावुकता और खुशी का माहौल रहा। घर-परिवार में मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। इस पावन पर्व ने एक बार फिर भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और अपनापन की मजबूती को उजागर किया।








