पोर्न साइट के नाम पर ब्लैकमेलिंग का जाल, कर्ज और धमकियों से टूटी युवती ने खाया जहर..कानपुर से आरोपी गिरफ्तार
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम रसौटा का यह मामला ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना की खौफनाक तस्वीर पेश करता है। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर जिला अंतर्गत थाना रेउना क्षेत्र के ग्राम दहेली निवासी आरोपी गुलशन कश्यप (20 वर्ष) ने युवती को पोर्न साइट देखने का आरोप लगाकर उसके खिलाफ साजिश रची और तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
डर और बदनामी के खौफ में युवती ने अपने ही रिश्तेदारों से कर्ज लेकर आरोपी को करीब 60 हजार रुपए फोन-पे के जरिए दे दिए। लेकिन आरोपी की लालच यहीं नहीं रुकी वह लगातार और पैसे की मांग कर युवती को धमकाता रहा। उधर युवती को कर्ज का तगादा भी शुरू हो गया, जिससे मृतिका दोहरी मार झेल रही थी एक तरफ बदनामी का डर, दूसरी तरफ कर्ज का दबाव। आखिरकार मानसिक तनाव से टूट चुकी युवती ने 17 अप्रैल 2025 को चूहे मारने की दवा खाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां 22 अप्रैल 2025 को उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 31 मार्च 2026 को आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।


