Brazil : श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 15 लोगों की मौत, मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

इंटरनेशनल डेस्कः ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य अलागोआस में मंगलवार को एक भीषण बस हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। यह बस एक धार्मिक मेले से लौट रही थी, तभी सड़क के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई।

कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों के अनुसार, बस में करीब 60 लोग सवार थे। यह बस ग्रामीण इलाके से गुजर रही थी, तभी तेज मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कई यात्री बस से बाहर गिर गए, जबकि कुछ लोग मलबे के नीचे दब गए. बचाव दल को उन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों की संख्या और पहचान

अलागोआस की क्षेत्रीय सरकार ने पुष्टि की है कि अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें शामिल हैं:

  • 5 पुरुष
    • 7 महिलाएं
    • 3 बच्चे

    धार्मिक मेले से लौट रहे थे यात्री

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बस ‘Our Lady of Candelaria’ (अवर लेडी ऑफ कैंडेलारिया) नामक धार्मिक उत्सव से लौट रही थी. यह त्योहार हर साल 2 फरवरी को पड़ता है और ब्राज़ील के सेआरा राज्य में हजारों श्रद्धालु इसमें हिस्सा लेते हैं।

    बचाव अभियान कैसे चला?

    अलागोआस एविएशन विभाग के निदेशक कर्नल आंद्रे मदीरो ने बताया कि उनकी टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा :“बस मोड़ पर सड़क से उतरकर पलट गई और कई लोग बाहर फेंके गए. कुछ लोग बस के नीचे फंस गए थे। यह बहुत भयानक और असामान्य दुर्घटना थी।” घायल यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. इनमें एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

    तीन दिन का राजकीय शोक

    अलागोआस के गवर्नर पाउलो डांटास ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए राज्य में तीन दिन के शोक की घोषणा की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा: “इस दुख की घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.”

    ब्राज़ील में सड़क हादसे आम

    ब्राज़ील में इस तरह के घातक सड़क हादसे अक्सर होते रहते हैं। पिछले साल अक्टूबर में भी उत्तर-पूर्वी राज्य पर्नाम्बुको में एक बस पलटने से 17 लोगों की मौत हो गई थी।






इन्हें भी पढ़े