चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय में करियर मार्गदर्शन मेगा सेमिनार संपन्न, “चैतन्य करियर अकादमी” की हुई शुरुआत

(पंकज कुर्रे)

पामगढ़ । चैतन्य विज्ञान एवं कला महाविद्यालय में करियर मार्गदर्शन मेगा सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय एवं दिल्ली आईएएस अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। सेमिनार में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास एवं करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिल्ली आईएएस अकादमी बिलासपुर के संचालक एवं प्रख्यात करियर मार्गदर्शक सौरभ चतुर्वेदी रहे। इस अवसर पर अकादमी की संचालिका विद्या सौरभ चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

सौरभ चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा, सतत परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करना आवश्यक है। सफलता उन्हीं विद्यार्थियों को प्राप्त होती है जो अपने लक्ष्य के प्रति अनुशासित रहते हैं और निरंतर अभ्यास करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं छोटे शहरों के विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को जीवन में कम से कम एक बार लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी अवश्य करनी चाहिए, क्योंकि इस तैयारी से नेतृत्व क्षमता, निर्णय क्षमता, समय प्रबंधन एवं समग्र दक्षता का विकास होता है। उन्होंने अभाव को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का सबसे बड़ा प्रेरक बताते हुए नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास एवं समय के सदुपयोग का महत्व भी बताया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय एवं दिल्ली आईएएस अकादमी के संयुक्त प्रयास से संचालित होने जा रही “चैतन्य करियर अकादमी” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि अकादमी में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को बैग, टी-शर्ट एवं अध्ययन सामग्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्रदान की जाएगी तथा नियमित कक्षाएं 25 मई से प्रारंभ होंगी।

इस अवसर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अधिकारियों का परिचय भी विद्यार्थियों से कराया गया। वित्त अधिकारी रोशन ओग्रे, नायब तहसीलदार पद पर चयनित अभिषेक यादव, पुलिस उपाधीक्षक तान्या पाण्डेय एवं कमलेश सिंह तथा सेल टैक्स इंस्पेक्टर आनंद जायसवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

शिक्षकगण मिर्जा अतहर बेग, संजय पटेल एवं प्रणव साहू ने विद्यार्थियों को एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों एवं तैयारी की रणनीतियों से अवगत कराया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी. के. गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि नैक ए ग्रेड प्राप्त महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। नैक पियर टीम द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप यह पहल विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु “चैतन्य अकादमी एप” का भी लॉन्च किया गया। मंच संचालन डॉ. शैली ओझा ने किया। अंत में चैतन्य शासी निकाय की सदस्य डॉ. गरिमा तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, चयनित अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संस्था के संचालक वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “चैतन्य करियर अकादमी” की शुरुआत की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने अकादमी के ध्येय वाक्य “फीस आधी, पढ़ाई दुगुनी — गुणवत्ता दिल्ली आईएएस की” का उल्लेख करते हुए कहा कि वहनीय खर्च पर दिल्ली आईएएस अकादमी के अनुभवी शिक्षकों द्वारा उच्च गुणवत्ता की तैयारी की व्यवस्था यहां की गई है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, प्राध्यापकगण, महाविद्यालयीन स्टाफ एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने महाविद्यालय द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इन्हें भी पढ़े