CGPSC सूबेदार, SI व प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को, अभ्यर्थियों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई 2026 (रविवार) को जिले के 07 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा में कुल 2256 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले अपना प्रवेश पत्र सावधानीपूर्वक जांच लें। यदि प्रवेश पत्र में फोटो, हस्ताक्षर या अन्य जानकारी में किसी प्रकार की त्रुटि हो तो तत्काल आयोग को आवेदन क्रमांक, रोल नंबर, परीक्षा का नाम, श्रेणी एवं जन्मतिथि सहित सूचित करें। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो या हस्ताक्षर स्पष्ट नहीं हैं, उन्हें प्रवेश पत्र पर फोटो चिपकाकर राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित कराना होगा तथा दो अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो भी परीक्षा केंद्र में साथ ले जानी होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र का पता एक दिन पहले ही सुनिश्चित कर लें। परीक्षा केंद्र नहीं मिलने या देर से पहुंचने की स्थिति में किसी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों के नाम और पहचान पत्र में अंतर है, उन्हें नाम परिवर्तन संबंधी शपथ पत्र की मूल प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
परीक्षा केंद्र में क्या ले जा सकेंगे?
अभ्यर्थी केवल पारदर्शी बिना लेबल की पानी की बोतल, आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड आदि), नीले या काले बॉल पेन तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित पेंसिल एवं इरेज़र ही साथ रख सकेंगे। अन्य किसी भी प्रकार की सामग्री मिलने पर अनुचित साधन का मामला बनाया जा सकता है।
इन वस्तुओं पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र में स्मार्ट वॉच, घड़ी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोटे सोल वाले जूते, गहरे रंग के कपड़े, डिजाइनर ड्रेस, गॉगल्स, डिजिटल ग्लास, अनावश्यक आभूषण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं।
समय से पहले पहुंचे अभ्यर्थी
सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली में परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर एवं मैन्युअल फ्रिस्किंग, पहचान पत्र सत्यापन तथा फेस मैचिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
अनुशासनहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान नकल, अनुशासनहीनता, दूसरे अभ्यर्थी से बातचीत, उत्तर पुस्तिका में झांकना, परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों से अभद्र व्यवहार या किसी अन्य अनुचित गतिविधि पाए जाने पर अभ्यर्थी को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर उसकी अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। आवश्यक होने पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
वीडियो रिकॉर्डिंग होगी अनिवार्य
परीक्षा केंद्रों में प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रवेश पत्र के साथ वीडियोग्राफी की जाएगी। अभ्यर्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका प्रवेश पत्र स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड किया गया हो। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि वीडियोग्राफी के दौरान किसी भी स्थिति में प्रश्नपत्र कैमरे में कैप्चर नहीं होना चाहिए।
पात्र अभ्यर्थियों को मिलेगा यात्रा भत्ता
आयोग ने जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ के मूल निवासी आरक्षित वर्ग के पूर्णतः बेरोजगार पात्र अभ्यर्थियों को गृह जिले अथवा निकटतम परीक्षा केंद्र तक की यात्रा के लिए नियमानुसार यात्रा भत्ता दिया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने डैशबोर्ड से यात्रा व्यय आवेदन-पत्र डाउनलोड कर परीक्षा केंद्र में प्रस्तुत करना होगा।





