ओपन बोर्ड परीक्षा में नकल का खुलासा, पामगढ़ सेंटर में दो परीक्षार्थी पकड़े गए
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के पामगढ़ स्थित परीक्षा केंद्र में ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आया है। मंगलवार को 10वीं कक्षा के गृहविज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान दो परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, स्वामी आत्मानंद शासकीय महाविद्यालय पामगढ़ में परीक्षा संचालित की जा रही थी। इसी दौरान तहसीलदार अमरनाथ श्याम और नायब तहसीलदार अखिलेश विश्वकर्मा की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में जाकर जब जांच की गई, तब दो छात्र नकल करते हुए पाए गए। अधिकारियों ने तत्काल दोनों के खिलाफ नकल प्रकरण दर्ज कर लिया। इस कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप मच गया और अन्य परीक्षार्थियों में भी सतर्कता बढ़ गई।
प्रशासन की टीम ने केंद्राध्यक्ष को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराई जाए। साथ ही सभी परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

