करही बाजार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनसंवाद, सुशासन तिहार शिविर में सुनीं लोगों की समस्याएं
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। छग के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार पहुंचे जहां सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर आम जनता से सीधा संवाद किया। यह सीएम का 15वां गांव था। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर करही बाजार स्थित हेलीपैड पर उतरा यह उनका जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
“संवाद से संपूर्ण समाधान” थीम पर आयोजित इस शिविर में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी और पात्रता संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के बीच मुख्यमंत्री ने सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नलजल योजना अंतर्गत निर्माणाधीन सोखता में श्रमदान भी किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि दीदियों द्वारा बनाई गई 1.80 लाख जल संचय संरचनाएं प्रदेश में लाखों लीटर पानी बचाने में मदद करेंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवार से मुलाकात कर उन्हें भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर धात्री माताओं को किट वितरण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली।


