कलेक्टर जन्मेजय महोबे सख्त: सड़कों और निर्माण कार्यों में देरी पर होगी जवाबदेही तय, अकलतरा पीडब्ल्यूडी एसडीओ को नोटिस

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की गहन समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार जिले में बेहतर सड़क संपर्क, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समय पर कार्य पूर्ण कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने एसडीओ पीडब्ल्यूडी अकलतरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में स्वीकृत सड़कों से जुड़े प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को जनसामान्य की मांग एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप नए प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बजट में उन्हें शामिल कराया जा सके। भू-अर्जन संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्यों में विलंब न हो।

कलेक्टर महोबे ने कहा कि जिले में संचालित सभी प्रमुख निर्माण कार्यों की समीक्षा अब हर 15 दिन में की जाएगी तथा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड विजिट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि ग्राम औराईकला स्थित नाला पर नक्टा पुल निर्माण, पचेड़ा से कनई सड़क, पकरिया से रिवापार सड़क, बछौद पहुंच मार्ग (चंदनिया तक), चंदनिया से ढोरला मार्ग, बलौदा लाईनपारा से ढोरला मार्ग, धाराशिव से रोगदा मार्ग तथा मुड़पार (ब) से मुरली गांव तक सड़क निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। वहीं बेलटूकरी से खैजा नहर पार तक सड़क निर्माण और नेवराबंद से बारगांव मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

इसके अलावा निविदा प्रक्रिया अंतर्गत पीथमपुर ग्रामीण मार्ग मजबूतीकरण, बीटीआई चौक से खोखसा आरओबी रोड, अकलतरा से जर्वे (खोड़ फाटक) मार्ग, अर्जुनी से करूमहु मार्ग, बनारी पहुंच मार्ग, बोड़सरा-सिवनी मार्ग, जांजगीर बाईपास, जांजगीर-केरा-शिवरीनारायण मार्ग, एनएच-49 से अर्जुनी पहुंच मार्ग तथा तरौद-तागा-धाराशिव मुख्य जिला मार्ग निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं जोगी-मुरली मार्ग पर कंजी नाला पुल एवं बंसुला से कपिस्दा तक मार्ग निर्माण प्रक्रिया में है।

इन्हें भी पढ़े