जिला कांग्रेस की पहली कार्यकारिणी बैठक संपन्न, संगठन विस्तार पर जोर

(देवेश साहू)

बलौदाबाजार। जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार की प्रथम कार्यकारिणी बैठक रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रभारी अशोक राज आहुजा एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी अशोक राज आहुजा ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पंचायत एवं बूथ स्तर तक शीघ्र संगठन गठन के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिमाह कार्यकारिणी बैठक और प्रत्येक तीन माह में समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। आहुजा ने राजीव भवन निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी बल दिया।

जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

बैठक में कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, पूर्व पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, प्रदेश सचिव विमल साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, एनएसयूआई पदाधिकारी और नवनियुक्त पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी गतिविधियों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।